Advertisement

‘हनुमान अंश’ की टीम को गांधी स्मृति भवन में ‘साइटेशन ऑफ ऑनर” से किया सम्मानित

Entertainment Desk

नई दिल्ली (एस.पी. चोपड़ा) : फिल्म ‘शिरडी साईं बाबा’ के निर्माता और शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन के संस्थापक एवं मैनेजिंग ट्रस्टी औषिम खेरतपाल ने नई दिल्ली स्थित गांधी स्मृति में आयोजित एक विशेष समारोह में फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों, निर्माता और निर्देशक को ‘‘साइटेशन ऑफ ऑनर”’ से सम्मानित किया।

शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति (GSDS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह का उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, शिरडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे, शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन के संस्थापक औषिम खेरतपाल और साईं बाबा पीस अवॉर्ड्स की इंटरनेशनल स्ट्रैटेजिस्ट संजना जॉन विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्य, बाल कलाकार विहान शेगड़े, जिन्होंने फिल्म में 14 वर्षीय बाबा की भूमिका निभाई है, तथा निर्माता नम्रता और रागिनी सोना सहित फिल्म की टीम ने शिरकत की। इस दौरान औषिम खेरतपाल ने फिल्म की पूरी टीम को ‘साइटेशन ऑफ ऑनर’ प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में औषिम खेरतपाल ने कहा, “आज से 26 साल पहले हमने शिरडी के साईं बाबा के जीवन पर फिल्म ‘Shirdi Sai Baba’ बनाई थी, जिसका उद्देश्य साईं बाबा के संदेशों और उनकी जनकल्याण की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था। आज मुझे खुशी है कि ‘हनुमान अंश’ के निर्माताओं और कलाकारों ने भी एक ऐसी फिल्म बनाई है, जो दर्शकों के भीतर आस्था और धार्मिक चेतना को जागृत करती है। इस फिल्म की पूरी टीम को ‘साइटेशन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित करते हुए मुझे एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हो रही है। मेरा मानना है कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करने का एक सशक्त जरिया भी है।”

समारोह का मुख्य आकर्षण ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम का सम्मान रहा। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

ऐतिहासिक गांधी स्मृति परिसर में आयोजित यह समारोह शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति की शांति, सद्भाव, सांस्कृतिक जागरूकता और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने की साझा पहल का हिस्सा रहा। कार्यक्रम के अंत में औषिम खेरतपाल ने ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और फिल्मकारों से भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं से प्रेरित विषयों पर सार्थक सिनेमा बनाने का आह्वान किया।


Entertainment Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *